पौड़ी गढ़वाल

युवाओं के सपनों से बनेगा विकसित उत्तराखंड

• मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशभर के छात्रों से किया संवाद

• पलायन, रोजगार, पर्यटन और शिक्षा पर मिले सुझाव

श्रीनगर (गढ़वाल), 13 सितम्बर। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर हुए कार्यक्रम में छात्रों ने पलायन, रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण, शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की सोच और ऊर्जा उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने निबंध और विचार भेजे हैं। विद्यार्थियों की सोच से प्रदेश के भविष्य को लेकर उनकी अपेक्षाओं और चिंताओं का पता चलता है।

रुद्रप्रयाग की कक्षा 11 की छात्रा सीमा सेमवाल ने पलायन पर लिखे अपने निबंध के बारे में मुख्यमंत्री को बताया। इस पर धामी ने कहा कि उत्तराखंड में स्थायी और अस्थायी दोनों तरह का पलायन होता है। शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं है। बाहर जाकर पढ़ाई और अनुभव हासिल करने से युवाओं को बेहतर अवसर मिलते हैं। उन्होंने पहाड़ों में महिलाओं की चुनौतियों का भी उल्लेख किया।

देवप्रयाग की छात्रा श्रेया सेमवाल ने पहाड़ों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की बात रखी। पौड़ी की छात्रा प्रिया ने विकसित उत्तराखंड को लेकर विचार साझा किए। छात्रा तमन्ना ने पलायन और खेती से कम आय की समस्या उठाते हुए ‘मेरा पहाड़, मेरा रोजगार’ का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने पर्यटन को रोजगार से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण, चारधाम यात्रा, गांवों में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने और विद्यालयों में कौशल विकास की ट्रेनिंग देने के सुझाव दिए। मुकेश कुशवाहा ने छोटे गांवों तक हेलीकॉप्टर एंबुलेंस जैसी सुविधा पहुंचाने की बात रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 500 से अधिक स्मार्ट क्लास संचालित हैं, रिवर्स माइग्रेशन भी हो रहा है। युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ नौकरी देने वाला बनने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने की अपील की।

कार्यक्रम में छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को चित्रकृति भेंट की। बेहतर सहभागिता के लिए नोडल अधिकारी शिक्षक अंकुश और रुद्रप्रयाग में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर डीएम विशाल मिश्रा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डीएम टिहरी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल आदि भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button