Uttarakhand Politics: आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) अब उत्तराखंड में सिरे से पार्टी संगठन को तैयार करेगी। विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पार्टी ने राज्य में अपने प्रदेश कार्यकारिणी के साथ ही सभी सांगठनिक इकाईयों और प्रकोष्ठों को भंग कर दिया है। यह जानकारी पार्टी के राज्य प्रभारी दिनेश मोहनिया ने ट्वीट के जरिए दी है।
विधानसभा चुनाव 2022 के आम आदमी पार्टी पहली बार उत्तराखंड के तीसरे विकल्प के दावे के साथ मैदान में उतरी थी। पार्टी ने कर्नल अजय कोठियाल को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित करने के साथ ही 10 गारंटी स्कीमों का वायदा भी किया था। जिसमें फ्री बिजली से लेकर रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य के अलावा पूर्व सैनिकों के लिए भी कई वायदे शामिल थे।
बावजूद इसके आप उत्तराखंड में जनता को नहीं लुभा सकी। पार्टी को प्रदेश में एक भी सीट नहीं मिली। यहां तक कि सीएम पद के दावेदार कर्नल कोठियाल भी तीसरे नंबर पर रहे।
अब आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड में पार्टी को नए सिरे से जमीन पर उतारने का प्लान बनाया है। जिसके लिए उनके निर्देश पर मौजूदा सांगठिनक इकाईयों को भंग कर दिया गया है।
प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने ट्वीट में बताया कि राज्य में संगठन का पुनर्निर्माण किया जाएगा। कहा कि काम की राजनीति को घर-घर तक ले जाना होगा। लक्ष्य, आम आदमी के हकों के लिए लड़ते रहेंगे। लड़ेंगे -जीतेंगे।