
देहरादून, 3 अक्टूबर। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। प्रदेश में अब 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं। एसआईआर के दौरान 1,29,872 नए मतदाता सूची में जुड़े हैं। अब छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए आयोग विशेष अभियान चलाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शनिवार को प्रेसवार्ता में यह जानकारी साझा की। बताया कि बताया कि 8 जून को शुरू एसआईआर के वक्त प्रदेश में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद की प्रक्रिया पूरी होने पर 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई। इसमें मतदाताओं की संख्या घटकर 71,33,785 रह गई।
उन्होंने बताया कि दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 71,58,949 मतदाता शामिल किए गए हैं। इनमें 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिलाएं और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। ड्राफ्ट की तुलना में अंतिम सूची में 25,164 मतदाता बढ़े हैं। वहीं दावे-आपत्तियों के निस्तारण के दौरान 1,29,872 नए मतदाता जोड़े गए और 1,04,708 नाम नियमानुसार विलोपित किए गए।
छूटे मतदाताओं पर फोकस
अंतिम सूची में नाम शामिल नहीं हो पाने वाले पात्र नागरिकों को अब फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा। आवेदन ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन और बीएलओ के जरिए ऑफलाइन किया जा सकेगा। इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
बीएलओ मौजूदा मतदाता सूची का प्री-एसआईआर सूची से मिलान करेंगे। पुरानी सूची में नाम होने के बावजूद मौजूदा सूची से बाहर लोगों की पहचान कर उनके घर जाकर स्थिति का सत्यापन किया जाएगा। पात्र पाए जाने पर फॉर्म-6 भरवाने में मदद की जाएगी। बीएलओ पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और छूटे पात्र मतदाताओं की भी पहचान करेंगे। तैयार सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा की जाएगी। इसके अलावा नाइट शेल्टर, श्रमिक कॉलोनियों, बेघर और हाशिए पर रहने वाले पात्र लोगों के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
यहां देखें अंतिम मतदाता सूची
अंतिम मतदाता सूची www.voter.eci.gov.in और www.ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है। इसके अलावा डीईओ/ईआरओ कार्यालय और संबंधित बीएलओ से भी सूची प्राप्त की जा सकेगी।



