उत्तराखंड

Breaking News: भ्रष्टाचार की शिकायत करना हुआ आसान

सीएम धामी ने किया विजिलेंस द्वारा तैयार मोबाइल एप 1064 को लॉन्च

Mobile App 1064: देहरादून। उत्तराखंड में आप भ्रष्टाचार के शिकार हैं या कहीं भ्रष्टाचार होने का अंदेशा है, तो अब आप इसकी शिकायत आसानी से विजिलेंस विभाग तक पहुंचा सकते हैं। विभाग ने इसके लिए एक मोबाइल एप तैयार किया है। जिसे आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लॉन्च कर दिया है।

शुक्रवार को सचिवालय में विजिलेंस विभाग द्वारा तैयार भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड 1064 मोबाइल एप के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायतों पर कार्रवाई में यह एप कारगर सिद्ध होगी। निर्देशित किया कि एप पर जो भी शिकायतें आएंगी उनका त्वरित निस्तारण किया जाए। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।

सीएम ने कहा कि यदि शिकायत विजिलेंस से संबंधित नहीं हो, तो उसे सीएम हेल्पलाइन और संबंधित विभाग को भेजा जाए। साथ ही शिकायत का स्टेटस अपडेट उन्हें मिले यह सुनिश्चित हो। कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। समाधान के लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के सिद्धांत पर कार्य किए जाएं। उन्होंने निदेशक सतर्कता को निर्देशित किया कि एप- 1064 का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए।

निदेशक सतर्कता अमित सिन्हा ने बताया कि 1064 नंबर पर एप और फोन से कोई भी व्यक्ति शिकायत कर सकता है। प्रत्येक शिकायत रजिस्टर होगी। जिसका पूरा डाटा सुरक्षित रखा जायेगा। साथ ही शिकायतकर्ता की पूरी गोपनीयता रखी जाएगी। यह एप हिंदी और अंग्रेजी दानों भाषाओं में है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सतर्कता विभाग के दो इंसपेक्टर को विवेचना करने के लिए टेबलेट भी प्रदान किए। कहा कि अन्य कार्मिकों को भी विवेचना के लिए टेबलेट दिये जाएंगे।

मौके पर मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, सचिव कार्मिक एवं सतर्कता अरविंद सिंह ह्यांकी, एसपी रेनू लोहानी, सीओ सुरेन्द्र सिंह सामन्त, अनुषा बडोला, निरीक्षक मारूत शाह, विभा वर्मा आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button