उत्तराखंडः पहली तिमाही में नेट SGST में 24 फीसद की वृद्धि

देहरादून, 25 जुलाई। उत्तराखंड में राज्य कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में जीएसटी संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। अप्रैल से जून 2026 के दौरान पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में नेट एसजीएसटी संग्रहण में 24 प्रतिशत, नॉन-जीएसटी संग्रहण में 12 प्रतिशत तथा कुल कर संग्रहण में 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
शनिवार को प्रमुख सचिव आरके सुधांशु की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कर विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गई। बताया गया कि नॉन-जीएसटी संग्रहण ₹658 करोड़ से बढ़कर ₹740 करोड़, जबकि नेट एसजीएसटी संग्रहण ₹2,457 करोड़ से बढ़कर ₹3,056 करोड़ हो गया। कुल संग्रहण भी ₹3,115 करोड़ से बढ़कर ₹3,796 करोड़ पहुंच गया।
बैठक में केंद्रीय खुफिया इकाई (सीआईयू) के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जून 2026 तक ₹16.48 करोड़ की वसूली की गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 27.6 प्रतिशत अधिक है।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को जीएसटी संग्रहण की गति बनाए रखने, कर अनुपालन बढ़ाने और डेटा व तकनीक का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण, नियमित समीक्षा और करदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में विशेष जांच शाखा (एसआईबी), मोबाइल स्क्वॉड, ऑडिट कार्यों व होटल, रेस्टोरेंट और वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट जैसे क्षेत्रों में जीएसटी अनुपालन और विभाग की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
बैठक में वित्त सचिव दिलीप जावलकर, आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन, अपर सचिव/अपर आयुक्त मनमोहन मैनाली, अपर सचिव/अपर आयुक्त अनिल सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।



