देहरादून

Dehradun: पल्टन बाजार में इस टाइम रहेगी वाहनों की नो एंट्री

देहरादून, 23 अक्टूबर। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पल्टन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों को लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य सुबह 11 बजे से पहले और शाम 7 बजे के बाद ही करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित बैठक में पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और अतिक्रमण की समस्या पर चर्चा की।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पल्टन बाजार समेत अन्य प्रमुख व्यस्ततम बाजारों में निर्धारित व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए। कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने से पैदल चलने वालों की सुविधा और आपातकालीन परिस्थितियों में आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहना जरूरी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजारों में आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण, रेहड़ी-ठेली और अन्य अवरोधों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। नगर निगम और पुलिस को नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल से सहयोग की अपील की, कहा कि व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक सामान न रखें और रास्तों को अवरोधमुक्त बनाए रखें। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।

बैठक में एसडीएम मुख्यालय हर्षिता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, सीओ यातायात जगदीश पंत,व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज मैसोन, उपाध्यक्ष हरीश विरमानी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button