देहरादूनयुवा

युवा संभालें नशामुक्त उत्तराखंड अभियान का नेतृत्वः धामी

सीएम ने ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकाथॉन को दिखाई हरी झंडी

देहरादून, 23 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकाथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति वॉकाथॉन स्वस्थ व सशक्त उत्तराखंड बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, भविष्य, परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सही दिशा में होना चाहिए। इसके लिए खेल, योग, व्यायाम, अच्छी संगति और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सरकार के साथ अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। राज्य सरकार अवैध नशा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है।

मौके पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल, ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button