
ऋषिकेश। रायवाला में मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक कार सवार ने विक्षिप्त महिला को टक्कर मार दी। गंभीर चोटें लगने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर फिलहाल सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि एक महिला का शव मोतीचूर पर फ्लाईओवर पर पड़ा है। तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लिया। जांच में पता चला कि वैगनार कार की टक्कर से महिला की मौत हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पहचान होने तक 72 घंटे के लिए उसे सरकारी अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवा दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला की उम्र करीब 45 वर्ष है। उसकी पहचान के प्रयास जारी हैं। आसपास के लोगों ने उसके विक्षिप्त होने की बात कही है। शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है। कार सवार फिलहाल फरार है, जिसकी धरपकड़ को पुलिस टीम प्रयास में जुटी है।