उत्तराखंडयात्रा-पर्यटन

बदरी-केदार में मास्टर प्लान के काम समय पर हो पूरे

देहरादून, 24 सितम्बर। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बदरीनाथ-केदारनाथ मास्टर प्लान अंतर्गत जारी निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने परिसंपत्तियों के हैंडओवर मामले में अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए।

सचिवालय में गुरुवार को आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण के तहत सेंट्रल स्ट्रीट के छह भवनों को यात्रा सीजन के बाद कार्य शुरू कराने को कहा। उन्होंने संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ आवश्यक एग्रीमेंट की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों में देरी न हो।

मुख्य सचिव ने संस्कृति मंत्रालय के कार्यों की भी समीक्षा की और जिलाधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर निर्माण की अनुमति नहीं देने और इसके लिए तत्काल शासनादेश जारी करने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बदरीनाथ में फेज-1 और फेज-2 के कार्यों की प्रगति पर सीएस ने निर्माणाधीन अस्पताल की जानकारी ली। डीएम चमोली गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल करीब 15 दिनों में शुरू करने की योजना है। मुख्य सचिव ने इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, एपीसीसीएफ डॉ. विवेक पाण्डेय, सुरेन्द्र मेहरा, सीसीएफ प्रसन्ना कुमार पात्रो, अपर सचिव विनीत कुमार, हिमांशु खुराना, अभिषेक रोहिला आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button