रामनगर के नाम रही सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी

पौड़ी, 28 सितम्बर। सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के बालक वर्ग अंडर-19 फुटबाल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले रांसी खेल मैदान में खेले गए। रोमांचक मुकाबले में विधानसभा रामनगर ने देवप्रयाग को ट्राईब्रेकर में 7-6 से परास्त किया।
पहला सेमीफाइनल कोटद्वार और रामनगर के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रही। इसके बाद ट्राईब्रेकर में रामनगर ने कोटद्वार को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में विधानसभा देवप्रयाग ने विधानसभा पौड़ी को 1-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में रामनगर और देवप्रयाग की टीमें निर्धारित समय तक 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद विजेता का फैसला ट्राईब्रेकर से हुआ, जिसमें रामनगर ने 7-6 से खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में पौड़ी ने कोटद्वार को 1-0 से पराजित किया।
समापन पर जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने विजेताओं को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए। मौके पर व्यायाम शिक्षक राकेश मोहन बलोदी, राजेंद्र रावत, जगमोहन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र रावत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी भगवान गुसाईं, नरेश रावत, दिनेश नेगी, सचिन कश्यप, अजयपाल असवाल आदि मौजूद रहे।



