पीएमजीएसवाई की सड़कों से जल्द जुड़ेंगे 309 और गांव

देहरादून, 25 सितम्बर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) अपने चौथे चरण में पहुंच चुकी है। जिसके चलते दुर्गम क्षेत्रों के गावों तक सड़कें पहुंचने से लोगों की राह आसान हुई है। बीते तीन चरणों में ₹11595 करोड़ से 21915 किमी की 2826 सड़कें बनी। जिनसे 1860 गांव लाभान्वित हुए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि पीएमजीएसवाई सड़कों के निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों में आसान पहुंच के साथ पर्यटन, कृषि और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिली है। विद्यार्थियों को कठिन रास्ता तय नहीं करना पड़ता। बीमारों को समय से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। किसान अपनी फसल को मंडियों तक पहुंचा पा रहे हैं।
पीएमजीएसवाई-चार के प्रथम चरण में प्रदेश के 309 गांव जल्द ही सड़क से जुड़ेंगे। ₹1707 करोड़ की लागत से कुल 1228.20 किमी की 184 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। उत्तराखण्ड के सभी 13 जिलों में कुल 1479 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 9344 किमी होगी।
पौड़ी गढ़वाल के सर्वाधिक 68 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा रहा है। वहीं अल्मोड़ा और टिहरी में 47-47, बागेश्वर में 35, पिथौरागढ़ में 25, नैनीताल और उत्तरकाशी में 24-24, चमोली में 17, देहरादून और रुद्रप्रयाग में 10-10 और हरिद्वार में 02 गांव सड़क बनने से लाभान्वित होंगे।



