
देहरादून, 24 सितम्बर। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक में 56 प्रकरण पेश हुए। जिनमें 12 का निस्तारण, आठ में प्राथमिकी दर्ज कराने और एक मामले में एसआईटी जांच के निर्देश दिए गए। शेष 35 मामलों में जांच रिपोर्ट तलब की गई है।
गुरुवार को ईसी रोड स्थित आयुक्त शिविर कार्यालय में आयोजित बैठक में बहादराबाद में ग्राम सभा की भूमि पर खेती के मामले में आयुक्त ने जांच के निर्देश दिए कि खेती की अनुमति किसके निर्देश पर दी गई। संबंधित फसल को नियमानुसार कुर्क करने को भी कहा गया।
हरिद्वार में केसर हिंद के नाम दर्ज भूमि के अन्य व्यक्तियों के नाम हस्तांतरण के मामले में पूरी प्रक्रिया, राजस्व अभिलेख और दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई। कनखल के लैंड फ्रॉड मामले में संबंधित प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
देहरादून के भारूवाला में एंग्लो इंडियन एवं डोमिसाइल समिति की करीब 70 बीघा भूमि अन्य लोगों के नाम हस्तांतरित होने के मामले में समिति का अधिनियम और बायलॉज जांचने के साथ भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया की पड़ताल के निर्देश दिए गए।
राजपुर रोड पर बहुउद्देशीय वित्तीय विकास निगम की भूमि से जुड़े मामले में नगर निगम से अभिलेखों सहित विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई। वहीं कोटद्वार और पौड़ी में बिना अनुमति प्लॉटिंग और निर्धारित अंश से अधिक भूमि विक्रय के मामलों में भी जांच के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने अधिकारियों को पुराने राजस्व अभिलेख, खसरा-खतौनी, नक्शे, रजिस्ट्री और अन्य दस्तावेजों का परीक्षण करने को कहा। उन्होंने राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, एमडीडीए और अन्य विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वन संरक्षक कल्याणी, नगर आयुक्त ऋषिकेश विजयनाथ शुक्ला, एसपी ग्रामीण स्वतंत्र कुमार, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, विकासनगर विनोद कुमार, डोईवाला अपर्णा ढौंडियाल, ऋषिकेश कुमकुम जोशी, जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व नितिन वशिष्ठ, एसडीएम रुड़की, कोटद्वार समेत नगर निगम, एमडीडीए आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



