परीक्षण के लिए भेजे गए उत्तराखंड के ये प्रस्ताव

देहरादून, 24 अगस्त। उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार की पहल को केंद्र से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। केंद्र सरकार ने हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना के प्रस्तावों को परीक्षण के लिए भेजा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में इसकी जानकारी दी है। बताया गया कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के प्रस्ताव का संबंधित विभाग, प्रभाग से परीक्षण कराया जा रहा है। जबकि पैरामेडिकल कॉलेज को प्रस्ताव स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजा गया है।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना से गंभीर और जटिल रोगों के उपचार के लिए राज्य में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। वहीं, पैरामेडिकल कॉलेज से प्रशिक्षित तकनीकी व सहयोगी स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने दोनों प्रस्तावों के परीक्षण को प्रदेश की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।



