बीरोंखाल में सतपाल महाराज ने गिनाई विकास योजनाएं
विकासखंड मुख्यालय में बहुउद्देशीय शिविर का किया शुभारंभ

बीरोंखाल (पौड़ी)। चौबट्टाखाल विधानसभा अंतर्गत बीरोंखाल विकासखंड मुख्यालय पर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 30 दिव्यांगों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। साथ ही 165 मरीजों की जांच और 35 लोगों की रक्त जांच की गई।
सोमवार को कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ किया।। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड बीरोंखाल में अभूतपूर्व विकास कार्य किए गए हैं।
महाराज ने कहा कि वर्षों से लंबित वेदीखाल-जोगीमढ़ी और रसिया महादेव ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजनाओं के लिए 41 करोड़ 57 लाख 36 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे छोटे-बड़े 75 गांव लाभान्वित होंगे। इन दोनों योजनाओं पर 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जल निगम द्वारा 50 योजनाओं के लिए 21 करोड़ 68 लाख 10 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से कुछ योजनाओं पर कार्य पूर्ण हो गया है और शेष योजनाओं पर कार्य जारी है। वहीं जल संस्थान द्वारा 42 योजनाओं के लिए 18 करोड़ 75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनसे 60 गांव लाभान्वित होंगे। इन सभी योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत द्वितीय चरण में 53 किलोमीटर लंबाई के 15 मोटर मार्गों को स्वीकृति दी गई, जिनमें से पांच मोटर मार्गों का डामरीकरण किया जा चुका है, जबकि अन्य पर कार्य चल रहा है। वहीं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा विकासखंड में 22 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से 27.8 किमी लंबाई के चार मोटर मार्गों का कार्य पूरा किया गया है। वहीं 18 किमी लंबाई के चार अन्य मोटर मार्गों के डामरीकरण, सुदृढ़ीकरण और नवनिर्माण के टेंडर भी पूरे हो चुके हैं।
इसके अलावा ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत पांच किलोमीटर लंबाई के तीन मोटर मार्गों के लिए 4 करोड़ 95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए, जिनमें से दो मोटर मार्ग पूर्ण हो चुके हैं और एक पर कार्यवाही चल रही है। वन टाइम मेंटेनेंस के अंतर्गत 20 किलोमीटर लंबाई वाले चार मोटर मार्गों के पीसी कार्य हेतु 3 करोड़ 9 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, जिन पर कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा नौ किलोमीटर लंबाई वाले तीन मोटर मार्गों के नवीनीकरण हेतु 1 करोड़ 24 लाख 22 हजार रुपये स्वीकृत किए गए थे और इन योजनाओं का कार्य भी पूरा हो चुका है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गायिका पूनम सती, महिमा उनियाल, गायक सौरव मैठाणी, चक्रव्यूह महाभारत (अभिमन्यु लीला), ब्रह्मकमल सांस्कृतिक दल, देव क्रिएशन ग्रुप और स्थानीय कलाकार श्यामलाल और सोनिया ने प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
मौके पर पूर्व मंत्री अमृता रावत, ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, समाज कल्याण बोर्ड सदस्य प्रेम सिंह नेगी, जिपंस अनूप पटवाल, रजनी रावत, शांति देवी, भाजपा युवा नेता सुयश रावत, मंडल अध्यक्ष ओमपाल बिष्ट, जिला महामंत्री महिपाल नेगी, बीकेटीसी सदस्य नीलम पुरी, दर्शन सिंह रिंगोड़ा, ध्यानपाल गुसाईं, मनमोहन सिंह, पातीराम ढौंडियाल, यशपाल गोर्ला, यशवंत बिष्ट, सुरेंद्र ढौंडियाल, चन्नीलाल, नागेंद्र नेगी, नीलमणि रावत आदि मौजूद रहे।



