ऋषिकेशहादसा

गंगा में डूब दो युवक, एक सुरक्षित, दूसरे की मौत

ऋषिकेश। गंगा दशहरा पर्व के दौरान ऋषिकेश में गंगा स्नान के समय दो अलग-अलग हादसे सामने आए। एक घटना में बचाव दल की तत्परता से डूब रहे युवक की जान बच गई। जबकि दूसरी घटना में तमाम प्रयासों के बावजूद युवक को नहीं बचाया जा सका।

सोमवार को स्नान पर्व के दौरान पहली घटना त्रिवेणीघाट पर हुई। जहां स्नान कर रहा एक युवक अचानक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। घाट पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई की और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। युवक की पहचान अवनीश कुमार पुत्र वीरेंद्र, निवासी मोदीनगर, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दूसरी घटना थाना मुनिकीरेती के तपोवन स्थित सच्चा धाम घाट पर हुई। दिल्ली से छह युवकों का एक दल ऋषिकेश घुमने आया था। चेतावनी के बावजूद एक युवक ने गंगा के गहरे पानी में तैरने का प्रयास किया। इसीबीच वह तेज बहाव में फंसकर डूब गया।

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ डीप डाइविंग टीम ने मौके पर सर्च शुरू किया। डीप डाइवर अनूप सिंह रावत ने स्कूबा डाइविंग के जरिए लगभग 15 फीट गहराई से युवक को बाहर निकाला। एसडीआरएफ जवानों ने अचेत अवस्था में युवक को सीपीआर दिया। होश नहीं आने पर उसे अस्पताल भेजा गया। मृतक की पहचान 21 वर्षीय चंदन यादव पुत्र राम अवतार, निवासी सेक्टर-63, जितेंद्र कॉलोनी, नोएडा के रूप में हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button