सतोपंथ पर्वत के शिखर पर लहराया तिरंगा
चार राज्यों के छह पर्वतारोहियों ने किया सफल आरोहण

देहरादून। गंगोत्री हिमालय की सबसे ऊंची पर्वत शृंखला सतोपंथ को पर चार राज्यों के छह पर्वतारोहियों ने फतह कर शिखर पर तिरंगा फहराया है। दल में उत्तराखंड के पर्वतारोहियों के साथ ही एक महिला पर्वतारोही भी शामिल है।
माउंटेनेयरिंग एंड ट्रेकिंग कंपनी ग्रेट एडवेंचर गंगोत्री के संचालन में उत्तराखंड, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के 12 पर्वतारोहियों का एक दल ग्रुप लीडर शिवराज सिंह पंवार के नेतृत्व में 25 अगस्त को पर्वतारोहण के लिए रवाना हुआ। दल गंगोत्री, भोजवासा, नंदनवन और वासुकीताल पहुंचा। जहां दल ने पांच सितंबर को रात करीब डेढ़ बजे सतोपंथ चोटी (7075 मीटर) पर चढ़ना शुरू किया। छह हजार मीटर तक तो सभी सदस्य ने सफल आरोहण किया, उसके बाद छह लोग पर्वतारोही ही आगे बढ़ सके। जिन्होंने इसी दिन शाम को लगभग छह बजे चोटी को फतह किया।
सतोपंथ के शिखर पर उत्तराखंड से ग्रुप लीडर शिवराज सिंह पंवार के अलावा ज्योत्सना रावत, अनुज, हरियाणा से सुनील रोहिला, राजस्थान के राहुल बैरवा और गुजरात से रवि कुमार पहुंचे। अन्य सदस्यों में अंतरा चौधरी, अंशुल बंसल, एम श्रीकुमार, अरुण तिवारी, निशा कुमारी व महेश शामिल थे। हाई एल्टीट्यूट गाइड अंकुल, नवीन, गोविंद व बिहारी सिंह राणा की गाइडिंग में खास भूमिका रही।
ग्रेड एडवेंचर गंगोत्री के संस्थापक सौरभ राणा और ग्रुप लीडर शिवराज सिंह ने बताया कि चोटी के आरोहण के दौरान मौसम काफी विपरीत था। मगर, मौसम की एडवांस रिपोर्ट और अनुभव के चलते आरोहण सफल रहा। दल 10 सितंबर को आरोहण से वापस लौटा।