उत्तराखंड

सानिया और पार्थ की जीत गौरव की बातः धामी

शंघाई में उत्तराखंड के दो युवाओं ने वर्ल्ड स्किल्स में जीते रजत

देहरादून, 30 सितम्बर। चीन के शंघाई में 22 से 27 सितम्बर तक आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के दो युवाओं ने रजत पदक हासिल किए। उत्तरकाशी की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और देहरादून के पार्थ वोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी कौशल में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीता।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों युवाओं को बधाई दी है। कहा कि विश्वस्तरीय कौशल प्रतियोगिता में प्रदेश के युवाओं की यह उपलब्धि गौरव की बात है। कहा कि इससे अन्य युवाओं को भी कौशल विकास और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

उत्तराखंड कौशल विकास समिति के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि वर्ल्ड स्किल्स को कौशल के क्षेत्र में ओलंपिक के समान प्रतिष्ठित वैश्विक मंच माना जाता है। प्रतियोगिता में करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 कौशल विधाओं में हिस्सा लिया। भारत ने आठ रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल कर 10वां स्थान प्राप्त किया।

सानिया और पार्थ ने इंडिया स्किल्स की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के बाद वर्ल्ड स्किल्स के लिए जगह बनाई। दोनों को कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखंड कौशल विकास समिति और नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की ओर से प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग दिया गया। कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी दोनों को बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button