महिलाएं हर क्षेत्र में कर रही श्रेष्ठ प्रदर्शनः अनिता ममगाईं
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विवि द्वारा महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित
ऋषिकेश। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मेयर अनिता ममगाईं ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हैं। महिला दिवस ऐसी संघर्षशील महिलाओं को समर्पित है।
गीतानगर स्थित केंद्र में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित समारोह का मेयर अनिता ममगाईं ने शुभारंभ किया। कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे हैं। चाहे वह एवरेस्ट फतह ही क्यों न हो। उन्होंने अपने शहर की बेटी पैरा ओलंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट और समाजसेवी नीरजा गोयल के हौसले का उदाहरण दिया। कहा कि नीरजा ने आज तक दिव्यांगता के बावजूद हार नहीं मानी। यह महिलाओं में मौजूद जज्बे का ही परिणाम है।
केंद्र की संचालिका बीके आरती ने कहा कि दुनिया समाज में भले ही महिलाओं को दोयम दर्जे पर रखा गया, लेकिन आज वक्त बदला है। महिलाओं ने हौसलों और श्रेष्ठ आचरण के बूते दुनिया में अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित किया है। जो कि फक्र का विषय है।
मंच सचालन बीके खुशी ने किया। मौके पर विशिष्ट अतिथि सब इंस्पेक्टर मीनू यादव, सोनल पुरी, सिंधी क्लब अध्यक्षा भावना सिंधी, रोटरी क्लब दिवास अध्यक्षा यामिनी कौशल, सचिव रेखा गर्ग, भगवती देवी, अनिता रियाल, डॉ ऋतु प्रसाद, रितु असूजा, सलोनी गोयल आदि मौजूद रहे।