
Four StatesAssembly Elections 2023 : लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सेमीफाइनल माने जा रहे देश के पांच राज्यों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को 03 विधानसभाओं में बंपर जीत मिली है। इन चुनावों में जहां मध्यप्रदेश में भाजपा का राज कायम रहा, वहीं राजस्थान की जनता ने सत्ता बदलने के रिवाज को बरकरार रखा। छत्तीसगढ़ में बघेल मॉडल भी कांग्रेस के काम नहीं आया। कांग्रेस तेलंगाना में जरूरी बीआरएस को सत्ता से बाहर करने में जरूर कामयाब रही। बताया जा रहा है कि मिजोरम के परिणाम सोमवार को घोषित होंगे।
देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में प्रचार के दौरान मीडिया में खासकर मध्यप्रदेश में सत्ता बदलने का शोर था। वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कायम रहने के संकेत मिल रहे थे। जबकि तेलंगाना में कांग्रेस और बीआरएस के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही थी। मतदान के बाद 30 नवंबर को आए एग्जिट पोल में यह तस्वीर बंटी दिखी। मीडिया सर्वे में कुछ कांग्रेस तो कुछ भाजपा की जीत को दर्शा रहे थे।
आज रविवार को आए परिणामों के शुरूआती रूझानों में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कुछ घंटों तक कांटे की टक्कर दिखी। दोपहर होते-होते भाजपा ने तीन राज्यों में निर्णायक बढ़त पायी, तो कांग्रेस छत्तीसगढ़ और राजस्थान को गंवा बैठी। भाजपा को जीत मिलते ही राजनीतिक हलकों में जनता में ‘मोदी मैजिक’ के बरकरार रहने पर चर्चा छिड़ गई। वहीं तेलंगाना में कांग्रेस की जीत से राज्यों में छत्रपों की चुनावी राजनीति भी बहस के केंद्र में आ गई।
चुनाव परिणामों के बाद अब जीते हुए राज्यों में ‘कौन बनेगा मुख्यमंत्री’ पर कयास शुरू हो गए हैं। हर राज्य में सीएम पद के दावेदारों खासकर भाजपा में लंबी कतार है। जबकि तेलंगाना में कांग्रेस के लिए सीएम चुनना आसान नहीं माना जा रहा है। फिलहाल भाजपा देशभर में जीत के जश्न में डूबी है, तो कांग्रेस तेलंगाना की जीत तक सिमट कर रह गई है।
उधर, इन राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद अब 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी अपने-अपने दावे और प्रतिदावों की बहस भी शुरू हो चुकी है। इन चुनावों ने हाल में बने इंडिया गठबंधन के भविष्य को भी चर्चा के बीच ला खड़ा किया है। तो एनडीए इस जीत से 2024 को लेकर आश्वस्त दिख रही है।
(Note: All Photos and graphics courtesy of Google)