ऋषिकेश

मेयर और मंत्री में नीचा दिखाने की नहीं, विकास की हो होड़ः कांग्रेस

नगर निगम को अपेक्षित बजट नहीं मिलने पर कांग्रेस का सांकेतिक धरना

Rishikesh News: ऋषिकेश। नगर निगम को अपेक्षित बजट न मिलने पर अब कांग्रेस भी मैदान में उतर गई है। आज कांग्रेसजनों और पार्षदों ने सांकेतिक धरने के दौरान मेयर और शहरी विकास मंत्री के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज किया। उनका कहना था कि मेयर और मंत्री के बीच आपसी खींचतान का खामियाजा शहर को भुगतना पड़ रहा है।

शनिवार को नगर निगम परिसर में कांग्रेसजनों और पार्षदों ने एकस्वर में भाजपा मेयर और मंत्री के विरोध में धरना दिया। इस दौरान उनका कहना था कि विधानसभा क्षेत्र में 15 वर्षों और निगम में करीब चार वर्षों से भाजपा काबिज है, बावजूद इसके शहरी विकास मंत्री गर्व के साथ नगर निगम के फिसड्डी होने का ढिंढोरा पीट रहे हैं। साफ है कि मेयर और मंत्री के बीच की आपसी लड़ाई ऋषिकेश क्षेत्र को बदहाली की तरफ धकेल चुकी है।

कांग्रेसजनों का यह भी कहना था कि पंचम वित्त आयोग में प्रदेश की अन्य निकायों का बजट बढ़ा है, लेकिन नगर निगम का बजट आज भी नगरपालिका के समकक्ष दिया गया है। जबकि इसबीच पालिका के निगम बनने पर इसके क्षेत्रफल का भी विस्तार हुआ है। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा करार दिया।

उन्होंने कहा कि सत्तासीन लोग अपनी लड़ाई में जनता का नुकसान न करें। साथ ही सलाह दी की मेयर और मंत्री शहर के विकास के लिए आपस में प्रतिस्पर्धा करें न कि एक दूसरे को नीचा दिखाने के जतन।

मौके पर कांग्रेस एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, पार्षद राकेश मियां, राधा रमोला, नगर अध्यक्ष विनय सारस्वत, प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, विजयपाल सिंह रावत, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, जगत नेगी, भगवान सिंह पंवार, विजयलक्ष्मी शर्मा, मधु मिश्रा, प्यारेलाल जुगरान सुमित त्यागी, विक्रम भंडारी, अरविंद जैन, प्रदीप जैन, मदन कुमार शर्मा, जयपाल सिंह, गौरव यादव, राम कुमार भातलीय, प्रवीण जाटव, मुकेश जाटव, अशोक शर्मा, बुरहान अली, राजकुमार मारवाह आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button