
ऋषिकेश, 23 जून। शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, पेपर लीक, रद्द होती भर्ती परीक्षाएं, भर्तियों में देरी और बेरोजगारी के मसलों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं बार-बार पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने से तनाव, असुरक्षा और निराशा का सामना कर रहे हैं। उत्तराखंड में भी भर्ती घोटालों और पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं को प्रभावित किया है।
उनियाल ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का उल्लेख करते हुए इसे परीक्षा संबंधी तनाव और व्यवस्था की विफलता का दुखद परिणाम बताया।
महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह और ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि सरकार पेपर लीक मामलों के दोषियों तक पहुंचने में विफल रही है, जिससे युवाओं का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।
मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गोकुल रमोला, ललित मोहन मिश्र, राकेश अग्रवाल, अरविन्द जैन, देवेन्द्र प्रजापति, भगवान सिंह, रवि कुमार जैन, मधु जोशी, हिमांशु जाटव, हिमांशु कश्यप मौजूद रहे ।



