चारधाम और हेमकुंट यात्रा के श्रद्धालुओं का रखें विशेष ध्यानः CM
अफवाहों से बचने की अपील, भ्रामक खबर फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

देहरादून, 23 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। कहा कि प्रदेश सरकार यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और प्रकृति की अमूल्य धरोहर है, यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का राज्य में हार्दिक स्वागत है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा का आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग और नगरासू की घटनाओं पर कहा कि राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जांच में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे पवित्र स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान उत्तराखंड की परंपरा का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संवाद, सद्भाव और सौहार्द को सभी समस्याओं के समाधान का आधार बताया।
बैठक में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, अपर मुख्य सचिव आरके सुधांशु, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, डीजी अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और अपर सचिव तृप्ति भट्ट मौजूद रहे।



