
ऋषिकेश, 23 जून। मुनि की रेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी एसआई विनोद कुमार शर्मा की मौत हो गई। शर्मा के निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6ः55 बजे आपदा कंट्रोल रूम टिहरी से एसडीआरएफ को शिवपुरी में एक वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। जिसके बाद ढालवाला और व्यासी पोस्ट से रेस्क्यू टीमें उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त वाहन शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार शर्मा का था। वह रात्रि ड्यूटी पूरी कर मुनि की रेती से शिवपुरी लौट रहे थे। शुरूआती जानकारी के अनुसार हादसे की वजह रास्ते में नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
मौके पर एसडीआरएफ और पुलिस ने खाई में अचेत अवस्था में मिले विनोद शर्मा को राफ्ट के जरिए फूलचट्टी पहुंचाया। जहां से उन्हें एम्बुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



