
ऋषिकेश, 18 जून। रायवाला थाना क्षेत्र के हरिपुरकलां स्थित गीता कुटीर घाट पर बुधवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान 9 वर्षीय बालक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने मौके पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार कुश शर्मा (9) पुत्र मुकेश शर्मा, निवासी पटकुल, रोहिणी, दिल्ली अपने परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। बुधवार अपराह्न करीब 3ः15 बजे वह अपने भाई के साथ गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूब गया।
इसबीच उसे बचाने के प्रयास में उसका भाई प्रियांशु शर्मा भी नदी में बहने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि कुश तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
सूचना पर एसडीआरएफ ढालवाला की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित जगहों पर डीप डाइवर्स के जरिए खोजबीन शुरू की। समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
सुरक्षित घाटों पर ही करें स्नान
एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे केवल सुरक्षित और चिन्हित घाटों पर ही स्नान करें। अनजान या प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें। प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।



