थलीसैंण ब्लॉक की सड़कों को समय पर करें दुरस्त

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल), 26 अगस्त। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने थलीसैंण ब्लॉक में निर्माणाधीन, क्षतिग्रस्त और वनभूमि से गुजर रही सड़कों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सड़कों की स्थिति की जानने के साथ निर्माण और मेंटीनेंश की समीक्षा की।
बूंगीधार स्थित लोनिवि अतिथि गृह में आयोजित बैठक में डॉ. रावत ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और निर्माणाधीन सड़कों के कार्य तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि वनभूमि से जुड़े जिन मामलों में कार्यवाही लंबित है, उनमें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारण की कार्यवाही तेज की जाए, ताकि वन भूमि से संबंधित औपचारिकताओं के कारण सड़क निर्माण कार्य प्रभावित न हों।
कैबिनेट मंत्री ने लोनिवि व पीएमजीएसवाई को ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य आवश्यक सुविधाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराती हैं।
उन्होंने विशेष रूप से बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए सड़क मार्गों और ढह चुके पुश्तों की मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पुश्तों का समय पर पुनर्निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता लोनिवि बैजरो लोकेश सारस्वत आदि मौजूद रहे।



