उत्तराखंड में मौसम के फिर से करवट बदलने अनुमान है। आने वाले दिनों में खासकर पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फवारी के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 15 और 16 दिसंबर को राज्य के उच्च और मध्य हिमालयी क्षेत्र में हिमपात की संभावना है। जबकि मैदानी हलकों में मौसम के साफ रहने की जानकारी है।
प्रदेश में इनदिनों सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन में मौसम के साफ रहने और धूप खिलने से कुछ राहत महसूस हो रही है। लेकिन रात में जबरदस्त पाला गिरने से कंपकपी छूट रही है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा भी छाने लगा है। तापमान कहीं सामान्य तो कहीं शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन खासकर मैदानी इलाकों में मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा।
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार 16 दिसंबर के बाद प्रदेश में करीब एक सप्ताह मौसम के साफ रहने का अनुमान है। दिसंबर महीने के आखिरी और जनवरी 2022 के पहले हफ्ते में राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में फिर से बारिश और हिमपात हो सकता है।
उधर, तापमान में लगातार गिरावट और रात में पाला गिरने के कारण पड़ रही कड़ाके की ठंड के चलते खुले में रह रहे लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। दिन में धूप खिलने पर जरूर उन्हें राहत मिल रही है।