पदक विजेता खिलाड़ियों को समय पर मिले नौकरीः धामी
नई खेल नीति, राज्य क्रीड़ा विवि, मिनी स्टेडियम परियोजना में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून, 02 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया तय समय में पूरी की जाए। ऐसे खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए।
सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप राज्य की नई खेल नीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने और प्रवेश और नियुक्ति प्रक्रियाओं में तेजी लाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने ‘एक ब्लॉक, एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत निर्माण कार्यों को गति देने और 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के बेहतर रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। कहा कि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील, हरिद्वार और पिथौरागढ़ के खेल परिसरों को खिलाड़ियों के लिए अधिक उपयोगी बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू करने और विभिन्न खेल संघों के सहयोग से प्रतिभाओं की पहचान की प्रक्रिया तेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य देवभूमि को खेलभूमि के रूप में स्थापित करना है।
बैठक में बताया गया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जबकि ‘एक ब्लॉक, एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं और 10 पर कार्य जारी है।
बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह, उप निदेशक नीरज गुप्ता, सहायक निदेशक राजेश ममगाई आदि मौजूद रहे।



