निरंकारी मिशन के संत समागम की सेवा का शुभारंभ

ऋषिकेश, 20 सितम्बर। संत निरंकारी मिशन के 79वें वार्षिक संत समागम की सेवाओं का रविवार को शुभारंभ हो गया। समागम 23 से 26 अक्टूबर तक संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल समालखा हरियाणा में आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
सेवा स्थल का उद्घाटन निरंकारी राजपिता रमित ने किया। उन्होंने कहा कि समागम की सेवाएं असंख्य संतों के निस्वार्थ सेवा, त्याग और समर्पण का परिणाम हैं। सेवा तभी सार्थक होती है, जब उसमें ‘मैं’ के स्थान पर ‘हम’ का भाव हो। उन्होंने कहा कि मानव जीवन दूसरों के सुख-दुःख में सहभागी बनने और मानवता की सेवा के लिए मिला है।
इस वर्ष संत समागम का विषय ‘जागृति’ रखा गया है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन, सजगता और प्रभु-स्मरण के साथ जीवन जीने का संदेश दिया जाएगा।
इस अवसर पर मिशन की कार्यकारिणी समिति, केंद्रीय सेवादल के अधिकारी और हजारों श्रद्धालुओं ने विभिन्न सेवाओं में सहभागिता की। मौके पर संत निरंकारी मंडल की अध्यक्ष राजकुमारी मामी और सचिव जोगिन्दर सुखीजा भी मौजूद रहे।



