गढ़वाल राइफल्स के जवान आकाश भंडारी का फिरोजपुर में निधन
यमकेश्वर ब्लॉक के सिलड़ी गांव में शोक की लहर, बीन नदी किनारे होगी अंत्येष्टि

ऋषिकेश। यमकेश्वर विकासखंड अंतर्गत सिलड़ी गांव निवासी गढ़वाल रायफल्स के जवान आकाश भंडारी का फिरोजपुर पंजाब में आकस्मिक निधन हो गया। जवान की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर छा गई। फिलहाल उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
गढ़वाल राइफल्स में जवान 24 वर्षीय आकाश भंडारी की वर्तमान में फिरोजपुर पंजाब में तैनाती थी। आर्मी एरिया में एक कार्यक्रम के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट की चपेट आना आकाश भंडारी की मृत्यु का कारण बताया जा रहा है। आकाश वर्ष 2017 में ही गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे।
बताया जा रहा है क आकाश के पिता संसद भवन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। कैंसर से पीड़ित उनकी माता का उपचार दिल्ली में ही चल रहा है। आकाश का एक बड़ा भाई प्राइवेट जॉब में है।
जानकारी के अनुसार दिवंगत सैनिक आकाश भंडारी की पार्थिव देह के गांव पहुंचने के बाद सैनिक सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि बीन नदी किनारे गौरी घाट पर की जाएगी। खबर के बाद क्षेत्रवासियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों का उनके घर पहुंचने का सिलसिला जारी है।