देहरादून

देहरादूनः मानसून की तैयारियों के लिए 7 जून की डेडलाइन

देहरादून। मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने और जनजीवन को सुरक्षित रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने रविवार को रेखीय विभागों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। स्पष्ट किया कि सभी विभागों में बेहतर समन्वय ही आपदा की चुनौतियों का प्रभावी समाधान है। उन्होंने सभी विभागों को अपने स्तर पर टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि सड़कों पर संचालित जनहित परियोजनाओं के कार्य पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी लगाकर हर हाल में 7 जून तक पूरे किए जाएं। कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कें तुरंत लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जाएं ताकि उनकी मरम्मत शुरू हो सके। चेताया कि विभागों के बीच कम्युनिकेशन गैप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई होगी।

डीएम ने इसके अलावा जलभराव और आपदा से बचाव के लिए निर्देशित किया कि मानसून से पहले नदी, नहरों और बरसाती नालों का चैनललाइजेशन कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए और नालियों की नियमित सफाई हो। विकासनगर, ऋषिकेश और नदी किनारे की बस्तियों जैसे संवेदनशील इलाकों में वाटर पंप के साथ टास्क फोर्स और त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) तैनात रहें। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस प्रमुख चौराहों पर विशेष सतर्कता बरते।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, लोनिवि अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, अधीक्षण अभियंता सिंचाई संजय रॉय, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सीओ सिटी नितिन लोहानी आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button