देहरादून। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के विचारों और गांधी परिवार की देश सेवा से प्रभावित एक बुजुर्ग महिला ने अपनी सारी संपत्ति का मालिकाना हक उनके नाम कर दिया है। महिला ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा देकर कोर्ट से उनके बाद संपत्ति का मालिकाना हक राहुल गांधी को सौंपने का अनुरोध किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने यह जानकारी साझा की है। बताया कि 78 वर्षीय सुश्री पुष्पा मुन्जियाल पुत्री मे मेघराज, निवासी प्रेमधाम, 25 नेहरू रोड, डालनवाला, देहरादून ने देहरादून कोर्ट में एक वसीयतनामा पेश कर उनके बाद अपनी संपत्ति का मालिकाना राहुल गांधी के नाम किया है।
आज सुश्री पुष्पा मुन्जियाल ने राहुल गांधी के नाम का वसीयतनामा कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को उनके यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर जाकर सौंपा। बुजुर्ग महिला पुष्पा मुन्जियाल का कहना है कि वे राहुल गांधी के विचारों से अत्यधिक प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने आजादी से आज तक देश के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है। चाहे इंदिरा गांधी हो, चाहे राजीव गांधी हों उन्होंने इस देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने देश सेवा के लिए अपने को समर्पित किया है।
सुश्री पुष्पा मुन्जिवाल ने न्यायालय में अपनी संपत्ति का पूर्ण व्यौरा देते हुए राहुल गांधी के नाम वसीयतनामा प्रस्तुत कर न्यायालय से अनुरोध किया है कि मेरे उपरान्त मेरी पूरी सम्पत्ति का मालिकाना हक उन्हें सौंपा जाए। मौके पर सीमा जौहर, अमित कुमार, अजय नेगी, नवीन जोशी, सीताराम नौटियाल आदि उपस्थित थे।