
देहरादून। युवाओं के लिए खुशखबरी है। शिक्षा विभाग में करीब 1200 पदों पर भर्ती खुलने जा रही है। जल्द ही इसके लिए आदेश जारी हो सकते हैं। सूबे के शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय ने इस बाबत सचिव को निर्देश दिए हैं। कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी। स्थायी नियुक्ति तक गेस्ट टीचरों से शिक्षकों की कमी को पूरा किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय ने सचिव को गेस्ट टीचरों की नियुक्ति के संदर्भ में निर्देश दिए हैं। इसके तहत उत्तराखंड के तमाम स्कूलों और कॉलेजों में गेस्ट टीचरों की भर्ती की जानी है। करीब 1200 पदों पर यह भर्ती होनी है।
शिक्षामंत्री के अनुसार स्थायी नियुक्ति के वास्ते लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेजे जा रहे हैं। स्थायी नियुक्तियां होने तक गेस्ट टीचर विद्यालयों में शिक्षण कार्य को सुचारू रखेंगे। बताया कि माध्यमिक स्कूलों में गेस्ट टीचरों के 4500 पदों पर नियुक्ति के लिए सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिली है। जिसमें से 3300 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। शेष 1200 नियुक्तियां जल्द की जाएंगी।