‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के विजेता हुए पुरस्कृत

जोशीमठ। सीमांत जनपद चमोली के नीति घाटी में आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के अंतर्गत विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आयोजित यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना से सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ रिवर्स माइग्रेशन को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। बताया कि नीति क्षेत्र में होम स्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो चुकी है, जो इस क्षेत्र में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित यह अल्ट्रा रन युवाओं के अदम्य साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है। “नीति घाटी का यह जागरण केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान, स्वावलंबन और नए विश्वास की नई इबारत है।
पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना व आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के अंतर्गत मलारी गांव में पुरस्कार वितरण समारोह में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल और अन्य अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार धनराशि एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
बताया गया कि समापन पर गमसाली से मलारी के तक 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।



