देहरादून। लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब के अलावा उत्तराखंड कांग्रेस की लीडरशिप भी तय कर दी है। आज हाईकमान ने उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और विधानसभा में उपनेता के नाम घोषित कर दिए हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी लिस्ट में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी 49 वर्षीय करन माहरा को सौंपी गई है। जबकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को बनाया है। इसके अलावा खटीमा से विधायक भुवन चंद्र कापड़ी को विधायक दल के उपनेता बनाया गया है।
बता दें कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से इस्तीफा ले लिया था। वैसे करण माहरा को भी इसबार रानीखेत विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। 2017 के विस चुनाव में माहरा ने भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष अजय भट्ट को हराया था।
प्रदेश के नए नेतृत्व के सामने अब 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर सबसे बड़ी चुनौती है। दूसरी चुनौती राज्य में पार्टी संगठन को जमीन पर मजबूत करने की है। करन माहरा इसमें कितना कामयाब होते हैं, यह आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल माहरा ने पार्टी नेतृत्व का उनपर विश्वास जताने के लिए आभार जताया है।