ऋषिकेश। कांग्रेस ने प्रदेश में डिजिटल सदस्यता अभियान के जरिए 6 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। आज ढालवाला में अभियान को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की आयोजित बैठक में चर्चा की गई। अभियान के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर काम करना होगा।
रविवार को ढालवाला में डिजिटल सदस्यता अभियान के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी और चुनाव सह प्रभारी दिल्ली के मनोज भारद्वाज की मौजूदगी में जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग एव नरेंद्रनगर की बैठक आयोजित हुई। बताया कि डिजिटल सदस्यता अभियान प्रदेशभर में चलाया जा रहा है। जिसके तहत कम से कम 6 लाख सदस्य बनाए जाने हैं।
मनोज भारद्वाज ने कहा कि इस अभियान के बाद ब्लॉक, जिला व प्रदेश कमेटी का गठन किया जाएगा। जिसके लिए 15 अप्रैल तक सदस्यता अभियान को पूरा किया जाएगा। जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने बताया कि देवप्रयाग क्षेत्र में प्रत्येक बूथ में न्यूनतम 25 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर अभियान के देवप्रयाग विधानसभा प्रभारी दिनेश सकलानी, प्रदेश सचिव दिनेश भट्ट, कार्यकारी नगर अध्यक्ष अजय रमोला, जिला प्रवक्ता अनिल रावत, जिला महासचिव बलवंत चौहान, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, सभासद विनोद सकलानी, मोहन भंडारी आदि मौजूद रहे।