राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किए भगवान बदरीनाथ के दर्शन
राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने की आगवानी

बदरीनाथ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को उत्तराखंड स्थित भूबैकुंठ धाम बदरीनाथ में दर्शनों के साथ पूजा अर्चना की। मंदिर में करीब 25 मिनट तक पूजा करते हुए राष्ट्रपति ने देश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बदरीनाथ धाम आगमन पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति की अगवानी की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बुधवार को सुबह 10ः20 बजे बदरीनाथ स्थित आर्मी हेलीपैड पहुंची। हेलीपैड पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय ने उनका स्वागत किया।
राष्ट्रपति का काफिला यहां से बदरीनाथ मंदिर पहुंचा। मंदिर में उन्होंने वेद पाठ और विशेष पूजा अर्चना की। मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी औ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न की। मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार व अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को बदरी विशाल का प्रसाद एवं अंग वस्त्र भेंट किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर में राष्ट्रपति को भोजपत्र पर बनी बदरीनाथ मंदिर की प्रतिकृति, आरती और स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की। भू-बैकुंठ धाम की अलौकिक सुंदरता देख राष्ट्रपति अभिभूत दिखीं। मंदिर में पूजा दर्शन के बाद राष्ट्रपति ने बदरीनाथ से श्रीनगर के लिए प्रस्थान किया।
इस अवसर पर डीएम हिमांशु खुराना, उप महानिरीक्षक पुलिस गढ़वाल केएस नगन्याल, एसपी रेखा यादव, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, प्रभारी अधिकारी अनिल ध्यानी, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, विपुल डिमरी, एई गिरीश देवली, टीओ राजेंद्र चौहान, ईओ नगर पंचायत सुनील पुरोहित, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ आदि मौजूद थे।