पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किए बदरी-केदार के दर्शन

देहरादून। पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को केदारनाथ और बदरीनाथ में पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में पुनर्निर्माण कार्यों और यात्रा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा रिकॉर्ड स्तर पर चल रही है। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक शक्ति पूरे विश्व को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।
उन्होंने बताया कि उनकी संस्था ‘मानव उत्थान सेवा समिति’ के माध्यम से यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का 10 करोड़ रुपये का बीमा कराया गया है। प्रीमियम की राशि बीकेटीसी के जरिए यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस में जमा कराई गई है।
मंत्री सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर आने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें और आवश्यक दवाएं व दस्तावेज साथ रखें। इस अवसर पर उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत और मोहिना रावत भी मौजूद रहीं।



