उत्तरकाशीयात्रा-पर्यटन

विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री के कपाट शीतकाल के लिए बंद

उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट के पावन पर्व पर अपराह्न 12 बजकर 14 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं।

गंगोत्री धाम में उपस्थित देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने माँ गंगा की उत्सव मूर्ति के निर्वाण दर्शन कर अभिषेक पूजा में भाग लिया। कपाट बंद होने के बाद हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ मां गंगा की उत्सव मूर्ति को डोली में परम्परानुसार मुखवा गांव के लिए प्रस्थान कराया गया। तीर्थ पुरोहितों की अगवानी में डोली यात्रा लोक वाद्ययंत्रों व आर्मी बैंड के साथ रवाना हुई।

डोली यात्रा आज रात्रि में चंडी देवी मंदिर मार्कण्डेय पुरी में प्रवास करेगी। रविवार को सोमेश्वर देवता की अगवानी में भैयादूज के पर्व पर मां गंगा की डोली शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचेंगी। जहां पर उत्सव प्रतिमा को शीतकाल के लिए गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा। शीतकाल में श्रद्धालु मुखवा स्थित गंगा मंदिर में माँ गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, एसडीएम मुकेश चंद रमोला, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानन्द सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, रावल हरीश सेमवाल समेत हजारों तीर्थयात्री मौजूद रहे।

कल होंगे यमुनोत्री के कपाट बंद
यमुनोत्री मंदिर के कपाट कल यानि 03 नवंबर को भैयादूज के पर्व पर अपराह्न 12ः05 बजे बंद किए जाएंगे। शीतकाल में मां यमुना की उत्सव मूर्ति खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में विराजमान रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button