Tehri: ग्राम प्रहरियों को दिया गया आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

चंबा (टिहरी गढ़वाल)। पुलिस लाइन चंबा में शुक्रवार को ग्राम प्रहरियों के लिए विशेष आपदा प्रबंधन जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम प्रहरियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना और आपदा के समय पुलिस व एसडीआरएफ की सहायता के लिए तैयार करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में करीब 50 ग्राम प्रहरियों ने भाग लिया। जिनमें 20 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल रहे। प्रतिभागियों को भूकंप के दौरान सुरक्षा उपाय, प्राथमिक उपचार, ब्लीडिंग कंट्रोल, सीपीआर, गला चोक होने की स्थिति में बचाव, अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने, घायल व्यक्ति को सुरक्षित रेस्क्यू करने की जानकारी दी गई। साथ ही व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों का अभ्यास भी कराया गया।
फायर सर्विस टीम ने आग लगने की घटनाओं से बचाव, अग्निशमन यंत्रों के उपयोग और आग बुझाने के तरीकों की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे उपयोगी बताया।
प्रशिक्षण टीम में हेड कांस्टेबल शैलेंद्र चमोली, कांस्टेबल. पंकज सिंह, होमगार्ड महेश धीमान, विजय कुमार, चालक. कुलदीप सिंह शामिल थे। मौके पर पुलिस थाना चंबा, पुलिस लाइन, फायर सर्विस टीम और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



