यात्रा-पर्यटन

मानसून की आहट के बीच बारिश बदरी-केदार में बारिश

• उत्तराख़ड के चारों धामों में अब तक पहुंचे 22 लाख तीर्थयात्री

रुद्रप्रयाग/जोशीमठ। मानसून की आहट के बीच बदरीनाथ और केदारनाथ में आज फिर से बदले मौसम के चलते बारिश शुरू हो गई। गंगोत्री यमुनोत्री में भी बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की खबर है। वहीं, उत्तराखंड के चारों धामों में शुक्रवार दोपहर तक 22 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने दर्शन कर लिए हैं। हेमकुंट साहिब और लोकपाल तीर्थ में अब तक 70 हजार तीर्थयात्रियों ने मत्था टेका है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारों धामों के लिए निर्धारित यात्रियों की संख्या के आदेश को समाप्त कर दिया है। अब ऋषिकेश व हरिद्वार में तीर्थयात्री रजिस्ट्रेशन काउंटरों में फिजिकली पंजीकरण कर चारधाम की यात्रा कर सकता है।

बदरीनाथ में बीते बृहस्पतिवार की रात गर्जना के साथ तेज बारिश हुई। शुक्रवार सुबह तक बारिश थमी और फिर अपराह्न तीन बजे के बाद हल्की और तेज बरसात शुरू हो गई। केदारनाथ धाम में भी हल्की बारिश की सूचना है। बारिश से दोनों ही धामों में तापमान में कमी आ गई है।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि दोनों धामों में यात्रा सामान्य रूप से जारी है। बदरीनाथ में शुक्रवार दोपहर तक 5 लाख 65 हजार तीर्थयात्री दर्शन कर चुके है। केदारनाथ में यह संख्या 8 लाख 50 हजार है। वहीं, दोपहर तक यमुनोत्री में 3 लाख 90 हजार और गंगोत्री में 3 लाख 95 हजार तीर्थयात्रियों ने दर्शन कर लिए हैं।

चारों धामों में पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 22 लाख से अधिक पहुंच गई है। हेमकुंट साहिब व लोकपाल तीर्थ में यह संख्या दोपहर तक कुल 70 हजार से अधिक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button