देहरादून

Dehradun: नशे के नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा

जिला प्रशासन ने नई टेस्टिंग मशीनों की खरीद को दी मंजूरी

देहरादून, 09 अक्टूबर। युवाओं को नशे से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त कदम उठाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिलास्तरीय नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की बैठक में नशे की मांग और आपूर्ति, दोनों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ड्रग्स टेस्टिंग में उपकरणों की कमी को देखते हुए दो नई सलाइवा-बेस्ड टेस्टिंग मशीनों की खरीद को वित्तीय मंजूरी दी गई।

जिलाधिकारी ने स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ ड्रग्स टेस्टिंग अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक शिक्षण संस्थान में हर माह एक दिन विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।

उन्होंने उपजिलाधिकारियों को थाना प्रभारियों के साथ नशामुक्ति केंद्रों, शिक्षण संस्थानों और आसपास की मलिन बस्तियों का निरीक्षण करने को कहा। नशे की गिरफ्त में आए लोगों से संवाद कर तस्करी से जुड़े सुराग जुटाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

अवैध खेती पर तय होगी जवाबदेही
जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भांग की अवैध खेती नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कल्याणपुरी में भांग की खेती की शिकायत पर आबकारी विभाग ने मौके पर पहुंचकर उसे नष्ट कराया। मामले में जिलाधिकारी ने संबंधित पटवारी और ग्राम विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। कहा कि अवैध खेती या कारोबार मिलने पर संबंधित कार्मिकों की जवाबदेही तय की जाएगी।

सितंबर में 147 ड्रग्स टेस्ट, सभी निगेटिव
बैठक में बताया गया कि सितंबर में शिक्षण संस्थानों में 147 ड्रग्स टेस्ट किए गए, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। एएनटीएफ ने 95 स्थानों पर चेकिंग की। पुलिस के अनुसार सितंबर तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 244 मुकदमे दर्ज कर 281 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वाणिज्यिक मात्रा के 15 मामलों में 23 आरोपी गिरफ्तार हुए। मेडिकल स्टोरों से आठ संदिग्ध दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए। एक स्टोर का लाइसेंस निरस्त किया गया। सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है।

यह रहे बैठक में मौजूद
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, सीओ सदर अंकित भंडारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, ड्रग्स इंस्पेक्टर विनोद जगूड़ी, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button