Rishikesh: त्योहारों तक रोका जाए सीवर लाइनों का काम

ऋषिकेश, 09 अक्टूबर। त्योहारी सीजन के मद्देनजर कांग्रेस ने शहर और गांवों में जारी सीवर लाइन निर्माण रोकने की मांग की। इस बाबत कांग्रेसियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। साथ ही अधूरे सड़क निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा कराने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला ने कहा कि करीब एक वर्ष पहले करोड़ों की लागत से बनी सड़कों को सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदा जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में लोग बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। सड़कों की खुदाई और अधूरे निर्माण से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो सकता है। प्रदेश कांग्रेस सचिव राकेश सिंह और पार्षद भगवान सिंह पंवार ने कहा कि कई सड़कों पर गड्ढे ठीक से नहीं भरे जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
कांग्रेसजनों ने प्रशासन से त्योहारों के दौरान सीवर कार्य रोकने, पूरे हो चुके कार्यों वाले स्थानों पर सड़कों की प्राथमिकता से मरम्मत कराने की मांग की।
मौके पर ब्रजभूषण बहुगुणा, पुष्पा मिश्रा, सूरत कोहली, संतोष कुकरेती, गौरव यादव (गोल्डी), रवि थापा, हिमांशु कश्यप, कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।



