केदारनाथ रोपवे परियोजना में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून, 09 अक्टूबर। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में उत्तराखंड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस दौरान केदारनाथ रोपवे परियोजना (Kedarnath Ropeway Project) की प्रगति की समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने परियोजना से संबंधित वन स्वीकृति के प्रस्ताव शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने और प्रतिपूरक वनीकरण के लिए चिह्नित भूमि का समानांतर रूप से पुनः सत्यापन कराने को कहा। उन्होंने परियोजना की निर्धारित अलाइनमेंट के अनुसार प्रत्येक गतिविधि का विस्तृत कार्ययोजना चार्ट (पीईआरटी चार्ट) तैयार कर बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर राजस्व भूमि पर टावर बनने हैं और वन स्वीकृति की आवश्यकता नहीं है, वहां टावर की नींव का काम शुरू किया जाए। साथ ही यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्यों में भी तेजी लाई जाए।
मुख्य सचिव ने गौरीकुंड और सोनप्रयाग के निकट पार्किंग, जनसुविधाओं और आवासीय सुविधाओं के विकास के लिए समुचित योजना तैयार करने को कहा। निर्देश दिए कि यात्रा के व्यस्ततम समय में निर्माण कार्यों के कारण यातायात और यात्रा संचालन प्रभावित न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार समेत एनएचएलएमएल के अधिकारी मौजूद रहे।



