देहरादून

जन शिकायतों को प्राथमिकता से करें हलः धामी

तपोवन रोड पर आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में किया प्रतिभाग

देहरादून, 10 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में अंतर्गत आयोजित बंहुउद्देशीय शिविरों में प्राप्त जनसस्मयाओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए।

शनिवार को तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभागीय स्टॉलों के निरीक्षण के साथ लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट और महालक्ष्मी व किशोरी किट बांटे। कहा कि जनसेवा और जनभागीदारी बढ़ाने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के मकसद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की थी। इस दौरान जनसमस्याओं का समाधान के साथ लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत के समाधान के लिए संवेदनशीलता से कार्य करना चाहिए। बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

मौके पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, डीएम डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, सीडीओ अभिनव शाह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button