Dehradun: सीएम के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान अव्यवस्था की होगी जांच

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ब्रिटेन दौरे से वापस लौटकर शनिवार को देहरादून पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर बन्नू स्कूल के ग्राउंड पर उतरा, तो अति उत्साहित कार्यकर्ता पुलिस का सुरक्षा घेरा लांघकर हेलीकॉप्टर के करीब पहुंच गए। हेलीकॉप्टर लैंडिंग के समय हुई इस अव्यवस्था पर पुलिस कप्तान अजय सिंह ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बन्नू स्कूल के ग्राउंड पर सीएम धामी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए पुलिस ने रस्सियों के साथ सुरक्षा घेरा बनाया हुआ था। इस वक्त यहां मंत्रियों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता भी मौजूद थे। लैंडिंग के वक्त अचानक से भीड़ पुलिस का सुरक्षा घेरा लांघकर हेलीकॉप्टर के करीब पहुंच गई।
बताते हैं कि तब हेलीकॉप्टर राउटर चल ही रहा था। इससे वीवीआईपी की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता था। हालांकि पुलिस ने इसके बाद भी स्थिति को कंट्रोल कर लिया। इस मामले में एसएसपी अजय सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कोई दोषी हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।