श्रमिक लिख रहे विकास की नई इबारतः महाराज

पोखड़ा (पौडी गढ़वाल), 7 सितम्बर। चौबट्टाखाल विधानसभा अंतर्गत विकासखंड पोखडा के ब्लॉक सभागार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन श्रमिक पंजीकरण और नवीनीकरण शिविर में जनसमस्याओं को सुना। साथ ही विभागीय अधिकारियो को जरूरी निर्देश भी दिए।
सतपाल महाराज ने कहा कि श्रमिक केवल श्रम नहीं करता, बल्कि अपने पसीने से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिखता है। सरकार का उद्देश्य है कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरलता से मिले। इनमें उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा आदि सहायता शामिल हैं।
महाराज ने कहा कि श्रमिकों को पंजीकरण जरूर कराना चाहिए। विभाग द्वारा शिविरों के जरिए उन तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि हमारी सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से शिविरों में श्रमिकों को पंजीकरण व नवीनीकरण की पूरी जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराने को कहा। श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो और पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
मौके पर मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र दर्शन, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, जिला महामंत्री महिपाल सिंह नेगी, ब्लाक प्रमुख संजय गुसाई, एसडीएम रेखा आर्य, बीडीओ एसपी शाह, प्रभूशरण बुड़ाकोटी, जिपंस वलवन्त नेगी, सुनील, विकास, पुष्कर जोशी, भगत सिंह रावत, राजपाल सिंह रावत, मधुबाला, नीमा रामेश्वरी जोशी, राजपाल आदि मौजूद थे।



