पौड़ी गढ़वाल

थलीसैंण क्षेत्र को मिली विकास योजनाओं की सौगात

कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

श्रीनगर (गढ़वाल)। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को थलीसैंण क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, सड़क, खेल और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कर रही है।

डॉ. रावत ने राजकीय महाविद्यालय उफरैंखाल में 1.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान और सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इसके अलावा मंत्री ने 1.09 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए चकरगांव-कल्याणखाल मोटर मार्ग के 1.25 किलोमीटर डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने उफरैंखाल-घण्डियाल मोटर मार्ग से भेड़गांव मल्ला मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य की भी आधारशिला रखी।

डॉ. रावत ने ग्राम कलाण स्थित भैरव मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। वहीं, उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज उफरैंखाल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने को कहा।

मौकेपर जिला पंचायत सदस्य रजनी रावत, अंजली जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह, एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ टीकाराम, आनंद सिंह, अमर सिंह नेगी, नवीन जोशी, मनोज रमोला, दिलीप सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button