Uncategorized

कैंची धाम मेले के लिए 10 दिन में बनाएं रूट प्लान

मुख्य सचिव ने वार्षिक मेले की तैयारियों की समीक्षा की

देहरादून। कैंची धाम में स्थापना दिवस पर वार्षिक मेले की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने मेले के निर्विघ्न आयोजन के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण और अन्य विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्य सचिव ने श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अगले दस दिनों के लिए प्रभावी रूट प्लान और यातायात प्रबंधन लागू करने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र के लिए जोनल और सेक्टोरल प्लान तैयार करने और पार्किंग व यातायात व्यवस्थाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया है।

बैठक में मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने मल्टीलेवल पार्किंग में वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने और पार्किंग से मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने पुलिस और लोक निर्माण विभाग को वैकल्पिक मार्ग तैयार करने, आवश्यक स्थानों पर ब्लैक टॉपिंग कराने और रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आपात स्थिति के लिए निकासी योजना, स्वास्थ्य सेवाएं और एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था रखने व सुरक्षा कर्मियों को इसकी पूरी जानकारी देने पर भी विशेष बल दिया।

बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आयुक्त कुमांऊ दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button