गंगोत्रीः SDRF की तत्परता से बची श्रद्धालु की जान

उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ की पूर्व तैयारियां कारगर साबित हुईं। गंगोत्री घाट पर स्नान के दौरान बह रहे एक श्रद्धालु को एसडीआरएफ ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को छत्तीसगढ़ निवासी 77 वर्षीय श्रद्धालु चंद्रहास सिंह का पैर फिसल गया। जिससे वह गंगा नदी की तेज धारा में बहने लगे। तब वहां एसडीआरएफ की टीम तैनात थी। श्रद्धालु ने घाट पर लगे सेफ्टी रोप को पकड़ लिया।
इसबीच एसडीआरएफ जवान नवीन पोखरिया ने जोखिम उठाकर सुरक्षा उपकरणों के साथ श्रद्धालु तक पहुंचकर उनका सफल रेस्क्यू किया। जिसपर सभी लोगों ने एसडीआरएफ और नवीन पोखरिया के साहस को सराहा।
वहीं, सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने भी जवान को बधाई देते हुए इसे एसडीआरएफ की पेशेवर दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।



