एम्स आवासीय परिसर में लाखों की चोरी का खुलासा

ऋषिकेश, 1 अगस्त। एम्स ऋषिकेश के आवासीय परिसर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, तीन आधार कार्ड और चोरी में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए गए हैं।
शनिवार को एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने मीडिया के सामने चोरी के मामले का खुलासा किया। बताया कि 20 जुलाई को एम्स के आवासीय परिसर स्थित एक मकान से आभूषण और 60 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई थी। पुलिस टीम ने तहकीकात के बाद 31 जुलाई की रात दुनमार्ग स्थित काली माता मंदिर सात मोड के पास से आरोपी मंडलपु शिवा अंजनेयुलू (43) निवासी गुंटूर, आंध्र प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने ऋषिकेश के अलावा राजकोट के सिविल अस्पताल परिसर में भी चोरी की वारदात को कबूल किया। पुलिस के अनुसार वह बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल परिसरों में घूमता था और बंद मकानों की रेकी कर वारदात को अंजाम देता था। पुलिस से बचने के लिए उसने फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे, जिनके सहारे वह होटल और धर्मशालाओं में ठहरता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और गुंटूर में चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। अब उसके अन्य राज्यों में भी आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट समेत कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी देहात की टीम शामिल रही।



